एसडीएम ने पीसीएस मेन्स परीक्षा हेतु विद्यार्थियों को दिया मार्गदर्शन - डिजिटल लाइब्रेरी, होशियारपुर में विशेष सत्र आयोजित




होशियारपुर/दलजीत अज्नोहा 
एसडीएम गुरसिमरनजीत कौर (पीसीएस), होशियारपुर ने आज डिजिटल लाइब्रेरी, होशियारपुर में पंजाब पीसीएस मेन्स परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के साथ विशेष मार्गदर्शन सत्र आयोजित किया। इस अवसर पर उन्होंने अपने प्रशासनिक अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को परीक्षा की प्रभावी रणनीति के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

डिप्टी कमिश्नर होशियारपुर आशिका जैन के कुशल नेतृत्व में डिजिटल लाइब्रेरी सुचारू रूप से संचालित हो रही है और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक प्रेरणादायक केंद्र बन चुकी है। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष 7 दिसंबर को आयोजित पंजाब पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा में इस लाइब्रेरी से तैयारी कर रहे 14 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की थी। पंजाब पीसीएस मेन्स परीक्षा का आयोजन 1 अप्रैल से 10 अप्रैल तक किया जा रहा है।

अपने संबोधन में एसडीएम गुरसिमरनजीत कौर ने विद्यार्थियों को मेन्स परीक्षा की तैयारी के दौरान आने वाली चुनौतियों से निपटने के व्यावहारिक उपाय बताए। उन्होंने समय प्रबंधन, उत्तर लेखन शैली, विषयों की प्राथमिकता तय करने तथा कम समय में अधिक अंक अर्जित करने की प्रभावी तकनीकों पर विशेष बल दिया।

सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने विस्तार से समाधान किया। इस मार्गदर्शन सत्र से विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण लाभ मिला और उनके भीतर आत्मविश्वास एवं उत्साह में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई।

Comments