श्री गुरु रविदास जी महाराज के प्रकाश पर्व पर प्रदेश स्तरीय समागम- डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण सिंह रौढ़ी व डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने तैयारियों का लिया जायजा - तैयारियों की समीक्षा को लेकर उच्च स्तरीय बैठक आयोजित
होशियारपुर/दलजीत अज्नोहा:
श्री गुरु रविदास जी महाराज के प्रकाश पर्व के अवसर पर 4 से 6 फरवरी तक श्री खुरालगढ़ साहिब, गढ़शंकर में आयोजित होने वाले प्रदेश स्तरीय समागम की तैयारियों को लेकर आज डिप्टी स्पीकर पंजाब विधानसभा जय कृष्ण सिंह रौढ़ी तथा डिप्टी कमिश्नर होशियारपुर आशिका जैन ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक कर व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। इस अवसर पर डायरेक्टर पर्यटन विभाग संजीव तिवाड़ी भी विशेष तौर पर उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा, श्रद्धालुओं की सुविधाओं, सुरक्षा प्रबंधों तथा समन्वय व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक प्रबंध समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं। उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, बिजली आपूर्ति, शौचालय, स्वास्थ्य सेवाएं, यातायात व्यवस्था और पार्किंग की सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि भीड़ प्रबंधन के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं तथा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरे, बैरिकेडिंग, मेडिकल कैंप और एंबुलेंस सेवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण सिंह रौढ़ी ने कहा कि श्री गुरु रविदास जी महाराज का जीवन और उनकी शिक्षाएं समाज को समानता, भाईचारे, प्रेम और मानव कल्याण का संदेश देती हैं। उन्होंने कहा कि खुरालगढ़ साहिब में आयोजित होने वाला यह प्रदेश स्तरीय समागम सामाजिक समरसता को और मजबूत करने का सशक्त माध्यम बनेगा। डिप्टी स्पीकर ने सभी विभागों से आपसी समन्वय, प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा उन्हें बेहतर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इसके लिए सभी आवश्यक प्रबंध समय रहते पूर्ण किए जाएं ताकि यह आयोजन प्रशासनिक दक्षता और सामाजिक सौहार्द का उत्कृष्ट उदाहरण बन सके।
बैठक में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) निकास कुमार, कमिश्नर नगर निगम ज्योति बाला, एसडीएम मुकेरियां ओएशी मंडल, एसडीएम होशियारपुर गुरसिमरनजीत कौर, एसडीएम गढ़शंकर संजीव कुमार, एसडीएम दसूहा कंवलजीत सिंह, सहायक कमिश्नर परमप्रीत सिंह, आरटीओ अमनदीप कौर, एसपी नवनीत कौर सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments
Post a Comment