ज़िला योजना कमेटी की चेयरपर्सन ने जनसमस्याएं सुनी- अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश



होशियारपुर/दलजीत अज्नोहा 
ज़िला योजना कमेटी की चेयरपर्सन करमजीत कौर ने आज अपने कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

जनसुनवाई के दौरान ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों ने पेयजल, सड़क मरम्मत, साफ-सफाई, बिजली आपूर्ति, पेंशन, राशन कार्ड, स्वास्थ्य सेवाओं और राजस्व संबंधी मामलों से जुड़ी समस्याएं चेयरपर्सन के समक्ष रखी। करमजीत कौर ने प्रत्येक शिकायत को ध्यानपूर्वक सुना और अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे मौके पर जाकर समस्याओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लें और तय समय सीमा के भीतर समाधान कर इसकी रिपोर्ट कार्यालय को सौंपें।

करमजीत कौर ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में जनहित को सर्वोपरि रखते हुए पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे अपनी समस्याएं निडर होकर प्रशासन के समक्ष रखें, ताकि उनका त्वरित और न्यायोचित समाधान किया जा सके।

Comments