चब्बेवाल में प्रोजेक्ट रोशनी के तहत बच्चों की निःशुल्क नेत्र जांच, 660 छात्रों की स्क्रीनिंग



होशियारपुर/दलजीत अज्नोहा 
चब्बेवाल के विधायक डॉ. ईशांक कुमार की पहल पर एम्स, नई दिल्ली के मार्गदर्शन में संचालित राष्ट्रीय बाल नेत्र-देखभाल अभियान प्रोजेक्ट रोशनी के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र चब्बेवाल में विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क नेत्र जांच कैंप का आयोजन किया गया।

ये कैंप सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल बसी कलां, अत्तोवाल  और फलाही में लगाए गए, जहां कुल 660 विद्यार्थियों की आंखों की जांच विशेष चिकित्सक टीमों द्वारा की गई। जांच के दौरान बच्चों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा दृष्टि संबंधी समस्याओं की पहचान की गई।


इस अवसर पर विधायक डॉ. ईशांक कुमार ने कहा कि बच्चों की अच्छी दृष्टि उनके शैक्षणिक प्रदर्शन और सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट रोशनी का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी बच्चे की पढ़ाई आंखों की इलाज योग्य समस्या के कारण बाधित न हो। उन्होंने गर्व व्यक्त करते हुए बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर प्रोजेक्ट रोशनी के तहत सबसे अधिक छात्र कवरेज चब्बेवाल विधानसभा क्षेत्र में दर्ज की गई है।


डॉ. ईशांक कुमार ने बताया कि जिन विद्यार्थियों को चश्मे या सर्जरी  की आवश्यकता होगी, उन्हें इस परियोजना के अंतर्गत पूरी तरह निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।


उन्होंने मैडीकल कैंप के सफल आयोजन के लिए डीएमसी लुधियाना की डॉ. प्रियंका अरोड़ा का विशेष धन्यवाद किया और कहा कि एमबीबीएस के दौरान वह उनकी गाईड रही हैं। साथ ही विधायक ने संबंधित स्कूल प्रबंधन एवं स्टाफ का भी सहयोग के लिए आभार जताया।

Comments