होशियारपुर/दलजीत अज्नोहा
डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि पंजाब सरकार के अभियान ‘सी.एम. दी योगशाला’ के अंतर्गत जिले भर में निःशुल्क योग कक्षाएं सफलतापूर्वक संचालित की जा रही हैं। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 349 योग कक्षाएं नियमित रूप से सुबह व शाम के समय आयोजित की जा रही हैं। इन कक्षाओं में बड़ी संख्या में लोग उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं और शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य के लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखने में सहायक है, बल्कि मानसिक तनाव को दूर करने और जीवनशैली संबंधी बीमारियों से बचाव में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे नियमित रूप से योग अभ्यास अपनाएं और स्वस्थ जीवन की दिशा में कदम बढ़ाएं।
अभियान के सुचारु एवं प्रभावी संचालन के लिए जिला कोऑर्डिनेटर किरण बाला द्वारा निरंतर निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिन क्षेत्रों में उपयुक्त स्थान उपलब्ध हो और कम से कम 25 लोगों का समूह तैयार हो, वहां भी नई योग कक्षाएं आरंभ करवाई जाएंगी, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान का लाभ उठा सकें।
उन्होंने बताया कि योग कक्षाओं का लाभ उठाने के इच्छुक व्यक्ति टोल फ्री नंबर 7669400500 / 7888840161 पर संपर्क कर सकते हैं या ऑनलाइन पंजीकरण के लिए संबंधित पोर्टल पर लॉगिन कर सकते हैं।

Comments
Post a Comment