डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने "मुख्यमंत्री सेहत योजना" के कार्ड बनाने के लिए लगाए गए विशेष कैंपों का किया दौरा "मुख्यमंत्री सेहत योजना" के लाभ लेने हेतु लोगों को किया जागरूक कहा, ज़िले में चल रहे हैं 343 कैंप
होशियारपुर/दलजीत अज्नोहा
डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने जिले में "मुख्यमंत्री सेहत योजना" के कार्ड बनाने के लिए लगाए जा रहे विशेष कैंपों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कैंपों में पहुंचकर पंजीकरण प्रक्रिया, लाभार्थियों की सुविधा तथा कर्मचारियों द्वारा दी जा रही सेवाओं की समीक्षा की और उपस्थित नागरिकों से बातचीत भी की।
डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में चल रही "मुख्यमंत्री सेहत योजना" का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इस योजना के तहत प्रत्येक पात्र परिवार को प्रतिवर्ष 10 लाख रुपए तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिले में विभिन्न गांवों और वार्डों में लगाए गए कैंपों के माध्यम से लाभार्थियों के कार्ड बनाए जा रहे है तथा आने वाले दिनों में भी यह अभियान जारी रहेगा, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि ज़िले में इस समय 343 कैंप चल रहे हैं।
डिप्टी कमिश्नर ने नागरिकों को योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में भी इस योजना का लाभ लिया जा सकता है। उन्होंने बताया कि कार्ड बनवाने के लिए आधार कार्ड और वोटर कार्ड साथ लाना आवश्यक है, जबकि नाबालिग बच्चों के पंजीकरण के लिए जन्म प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।
उन्होंने जिला वासियों से अपील की कि वे इन कैंपों में पहुंचकर अपना सेहत कार्ड अवश्य बनवाएं और राज्य सरकार की इस जनकल्याणकारी योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

Comments
Post a Comment