विकास, निवेश और रोजगार का रोडमैप है केंद्रीय बजट 2026-27 : विजय सांपलाजिला स्तरीय प्रेसवार्ता में बजट की गिनाई खूबियां



होशियारपुर/दलजीत अज्नोहा 
भाजपा जिला अध्यक्ष निपुण शर्मा की अध्यक्षता में बीते कल मोदी सरकार द्वारा संसद में पेश किए गए बजट के पक्ष में आज एक प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। जिसमें प्रदेश की ओर से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री विजय सांपला मीडिया से रूबरू हुए।इस मौके बिन्दुसार शुक्ला,जिंदू सैनी,उमेश जैन, एडवोकेट डीएस बागी, भारत भूषण वर्मा,अश्वनी ओहरी, आनंद अग्रवाल, एसएम सिद्धू, तुषे सूद,शिवम ओहरी आदि उपस्थित थे।
पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री श्री विजय सांपला ने केंद्रीय बजट 2026-27 का स्वागत करते हुए कहा कि यह बजट विकास और वित्तीय अनुशासन का संतुलित दस्तावेज़ है, जो भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में मजबूत नींव रखता है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा वित्तीय घाटे को GDP के 4.3 प्रतिशत तक सीमित रखना यह दर्शाता है कि देश अब अनुशासित खर्च और दीर्घकालिक आर्थिक स्थिरता के रास्ते पर मजबूती से आगे बढ़ रहा है।
श्री सांपला ने कहा कि बजट में ₹12.2 लाख करोड़ के रिकॉर्ड पूंजीगत निवेश (कैपेक्स) से सड़क, रेल, एयरपोर्ट, ऊर्जा और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों को नई गति मिलेगी। इससे आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि यह निवेश आने वाले एक दशक तक भारत की आर्थिक रफ्तार को बनाए रखने में अहम भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि Make in India 2.0 के तहत मैन्युफैक्चरिंग और रणनीतिक क्षेत्रों को जो बढ़ावा दिया गया है, वह भारत को वैश्विक उत्पादन केंद्र बनाने में निर्णायक सिद्ध होगा। Biopharma SHAKTI योजना के अंतर्गत अगले पांच वर्षों में ₹10,000 करोड़ के निवेश से भारत को ग्लोबल बायोफार्मा हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में ठोस कदम उठाया गया है, जिससे युवाओं के लिए उच्च गुणवत्ता वाले रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
श्री सांपला ने सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 की सराहना करते हुए कहा कि इससे स्वदेशी टेक्नोलॉजी, नेक्स्ट-जेन मैन्युफैक्चरिंग और हाई-वैल्यू इंजीनियरिंग को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कैपिटल गुड्स सेक्टर में ₹40,000 करोड़ के बढ़े हुए आउटले से घरेलू मैन्युफैक्चरिंग मजबूत होगी और आयात पर निर्भरता कम होगी।
उन्होंने कहा कि MSMEs के लिए ₹10,000 करोड़ का SME Growth Fund और ₹2,000 करोड़ का Self-Reliant India Fund छोटे एवं मध्यम उद्योगों को नई ताकत देगा। टियर-2 और टियर-3 शहरों में अनुपालन लागत कम होने से स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं को अपने घर के पास रोजगार मिलेगा।
पूर्व मंत्री ने कहा कि बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी पर विशेष ध्यान दिया गया है। कोस्ट-टू-कोस्ट इंफ्रास्ट्रक्चर, नए डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, 20 नए नेशनल वाटरवेज और लॉजिस्टिक्स सुधारों से परिवहन लागत में कमी आएगी, जिससे उद्योग और व्यापार को सीधा लाभ मिलेगा।
शिक्षा, स्किल और रोजगार को लेकर बजट के प्रावधानों की सराहना करते हुए श्री सांपला ने कहा कि AI, रिस्किलिंग और स्किल एक्सपोर्ट के माध्यम से भारत को ग्लोबल स्किल कैपिटल बनाने का लक्ष्य सराहनीय है। 1.5 लाख हेल्थ एवं केयर वर्कफोर्स, ऑरेंज इकोनॉमी (AVGC सेक्टर) और यूनिवर्सिटी टाउनशिप्स युवाओं और बेटियों के लिए सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करेंगी।
अंत में श्री विजय सांपला ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 सबका साथ, सबका विकास और आत्मनिर्भर भारत की भावना को साकार करता है और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।

Comments