चौहाल जंगल सफारी और बोटिंग से पर्यटकों ने लिया कुदरत का आनंद - सोलिस ठरोली में नाइट कैंपिंग और ओपन माइक ने बनाई यादगार शाम - ऑफ-रोडिंग, ट्रैकिंग और बर्ड वॉचिंग से रोमांच का अनुभव - सांस्कृतिक कार्यक्रमों और स्टालों ने बढ़ाई उत्सव की रौनक - प्रकृति से जोड़ने और पर्यटन को बढ़ावा देने की पहल: डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन - 17 फरवरी को समापन समारोह में गुरदास मान की सिंगर नाइट रहेगी मुख्य आकर्षण - 17 को ही बम्बूघाट-2 की स्टारकास्ट भी दर्शकों से होगी रूबरू - जिला वासियों से परिवार सहित शामिल होने की अपील




होशियारपुर/दलजीत अज्नोहा 
होशियारपुर में आयोजित नेचर फेस्ट-2026 पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए प्रकृति, रोमांच और संस्कृति का अद्भुत संगम बनकर उभर रहा है। दो दिनों के दौरान विभिन्न गतिविधियों में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कुदरत की गोद में समय बिताया।

शनिवार सुबह पर्यटकों ने चौहाल में जंगल सफारी और बोटिंग का आनंद लेते हुए प्राकृतिक सौंदर्य को करीब से महसूस किया। रविवार सुबह ट्रैकिंग, बर्ड वॉचिंग तथा ऑफ-रोडिंग गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों ने प्रकृति के विविध रंगों को जाना।

शनिवार शाम सोलिस ठरोली में आयोजित नाइट कैंपिंग विशेष आकर्षण रही। पर्यटकों ने खुले आसमान के नीचे कैंपिंग का आनंद लिया, जबकि ओपन माइक और संगीत प्रस्तुतियों ने माहौल को यादगार बना दिया।

रविवार सुबह लाजवंती स्पोर्ट्स स्टेडियम से कुकानेट-देहरियां तक ऑफ-रोडिंग एडवेंचर आयोजित किया गया। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न स्टालों का लोगों ने जमकर लुत्फ उठाया।

डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने कहा कि “नेचर फेस्ट का उद्देश्य पर्यटकों को होशियारपुर की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं से परिचित कराना है। यह आयोजन रोमांच और मनोरंजन के साथ लोगों को प्रकृति के करीब लाने की महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने बताया कि 16 फरवरी को पर्यटकों को उन्नति, फैप्रो एवं सिट्रस इकाइयों का औद्योगिक भ्रमण के अलावा
मियावाकी साइट विजिट, वन चेतना पार्क में किड्स कार्निवल, लाजवंती स्टेडियम में सांस्कृतिक गतिविधियां करवाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि 17 फरवरी को विभिन्न प्रस्तुतियां एवं प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित किए जाएंगे। इसके अलावा प्रसिद्ध पंजाबी गायक गुरदास मान की सिंगर नाइट आकर्षक का केन्द्र रहेगी। उन्होंने बताया कि 17 को ही बम्बूघाट-2 की स्टारकास्ट भी विशेष तौर पर पहुंच रही है, जिसमें सिम्मी चाहल, एम्मी विर्क, करमजीत अनमोल दर्शकों से रूबरू होंगे।

डिप्टी कमिश्नर ने जिला वासियों से अपील की कि वे परिवार सहित इस अनूठे आयोजन में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयास को सफल बनाएं।

इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) निकास कुमार, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (सामान्य) अमरबीर कौर भुल्लर, एसडीएम मुकेरियां ओएशी मंडल, नगर निगम कमिश्नर ज्योति बाला, एसडीएम होशियारपुर गुरसिमरनजीत कौर, सहायक कमिश्नर परमप्रीत सिंह, अधिक सहायक कमिश्नर गुरप्रीत कौर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments