होशियारपुर/दलजीत अज्नोहा
सहायक कमिश्नर राज्य कर, होशियारपुर परमजीत सिंह ने बताया कि राज्य कर विभाग द्वारा बकाया कर की वसूली को लेकर कड़ी और निरंतर कार्रवाई की जा रही है, जो भविष्य में भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगी। इसी क्रम में रेकम इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, गांव बसी काले खां, डाकखाना हरियाना, जिला होशियारपुर (टीआईएन: 03481070863) से संबंधित लंबित वैट/सीएसटी की कुल 7 करोड़ 85 लाख 4 हजार 313 रुपए की बकाया राशि की वसूली हेतु पंजाब लैंड रेवेन्यू एक्ट के अंतर्गत कुर्क की गई संपत्ति की नीलामी 16 फरवरी 2026 को सुबह 11:00 बजे करवाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि यह नीलामी मैसर्स रेकम इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, गांव बसी काले खां, होशियारपुर के परिसर में आयोजित की जाएगी। नीलामी में भाग लेने के इच्छुक खरीदार अपने वैध पहचान पत्र के साथ निर्धारित समय पर मौके पर उपस्थित हो सकते हैं।
सहायक कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि संपत्ति “जहां है, जैसी है” की स्थिति के आधार पर नीलाम की जाएगी। नीलामी की पूरी प्रक्रिया उप कमिश्नर राज्य कर, जालंधर मंडल, दरवीर राज तथा सहायक कमिश्नर राज्य कर, होशियारपुर की देखरेख में पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न करवाई जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विभाग बकाया कर की वसूली को लेकर किसी भी तरह की ढील नहीं बरतेगा और कर न जमा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई भविष्य में भी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे समय पर कर जमा कर अपनी जिम्मेदारी निभाएं, ताकि किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।

Comments
Post a Comment