होशियारपुर/दलजीत अज्नोहा
एचडीसीए क्रिकेट सेंटर से प्रशिक्षण ले रही सुरभि, अंजली, शिवानी, निरंका व पूजा के पंजाब अंडर-23 एक दिवसीय कैंप में चयन से समूह क्रिकेट खिलाड़ियों में भारी उत्साह है। इस संबंधी जानकारी देते हुए एचडीसीए सचिव डा. रमन घई ने बताया कि होशियारपुर के जिला सेंटर की 5 खिलाड़ियों के पंजाब अंडर-23 कैंप में चुना जाना पूरा होशियारपुर क्रिकेट प्रेमियों व खिलाड़ियों के लिए खुशी की बात है। उन्होंने बताया कि यह खिलाड़ी रोपड़ में लगाए जा रहे 10 दिवसीय पंजाब प्रशिक्षक कैंप में पंजाब के सीनियर कोचों व अन्य स्टाफ की देखरेख में क्रिकेट की बारीकियों एवं नई तकनीक सीखेंगे व इस कैंप में अपना बढ़िया खेल दिखाकर पंजाब की टीम में अपनी दावेदारी पेश करेंगे। डा. घई ने बताया कि एचडीसीए की इन पांच खिलाड़ियों के चयन पर खुशी व्यक्त करते हुए अध्यक्ष डा. दलजीत खेला ने समूह एसोसिएशन की ओर से खिलाड़ियों को बधाई दी तथा आशा व्यक्त की कि यह खिलाड़ी कैंप में बढ़िया प्रदर्शन कर पंजाब टीम में अपना स्थान बनाएंगे। खिलाड़ियों के इस चयन पर जिला महिला कोच दविंदर कौर कल्याण, सहायक कोच नीतिका कुमारी, जिला कोच दलजीत सिंह, जिला ट्रेनर पूर्व राष्ट्र खिलाड़ी कुलदीप धामी, जूनियर कोच दलजीत धीमान, पंकज पिंका, दिनेश शर्मा आदि ने भी खिलाड़ियों को अपनी शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर डा. रमन घई ने कहा कि जिस तरह एचडीसीए सेंटर में रोजाना 100 के करीब खिलाड़ी पूरा वर्ष कड़ी मेहनत करते हैं, उसी का नतीजा है कि खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर नए-नए मुकाम हासिल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि होशियारपुर के इन खिलाड़ियों में सुरभि नारायण, अंजली सीमर व शिवानी पहले ही पंजाब टीम का नेतृत्व कर चुकी हैं।
Comments
Post a Comment