दिव्यांगजन सशक्तिकरण की दिशा में बड़ी पहल: 32 लाख रुपए के 155 सहायक उपकरण वितरित - रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से ग्रिड कंट्रोलर ऑफ इंडिया व अलिमको के सहयोग से लगाए गए कैंप में 109 लाभार्थी हुए लाभान्वित - दिव्यांगजन सहानुभूति नहीं, बल्कि समान अवसर और सम्मान के हकदार: डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन
होशियारपुर/दलजीत अज्नोहा
दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण की दिशा में एक अनुकरणीय पहल के तहत रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से डिजिटल लाइब्रेरी होशियारपुर में सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता डिप्टी कमिश्नर-कम-रेड क्रॉस सोसायटी की अध्यक्ष आशिका जैन ने की। यह कार्यक्रम जी.आर.आई.डी कंट्रोलर ऑफ इंडिया के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित हुआ, जबकि तकनीकी सहयोग अलिमको द्वारा प्रदान किया गया। शिविर में 109 दिव्यांग लाभार्थियों को लगभग 32 लाख रुपए की लागत से 155 सहायक उपकरण वितरित किए गए, जिनमें 37 मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, 22 सामान्य ट्राइसाइकिल, 30 व्हीलचेयर, 4 सीपी चेयर, 2 स्मार्टफोन, 1 सुगम्य केन, 34 क्रचेज़, 20 वॉकिंग स्टिक, 1 रोलैटर और 4 कृत्रिम अंग सहित कई अन्य उपयोगी उपकरण शामिल थे।
डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न एवं मूल्यवान हिस्सा हैं और वे केवल सहानुभूति नहीं, बल्कि समान अवसर और सम्मान के हकदार हैं। सरकार, प्रशासन, सामाजिक संगठनों और उद्योग जगत की सामूहिक भागीदारी से किए गए ऐसे प्रयास दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाकर समाज की मुख्यधारा में आगे बढ़ने की नई दिशा देते हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि किसी भी व्यक्ति की शारीरिक बाधा उसकी सफलता की राह में अवरोध न बने। उन्होंने इस मानवीय पहल के लिए जी.आर.आई.डी कंट्रोलर ऑफ इंडिया और अलिमको सहित रेड क्रॉस टीम का विशेष रूप से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन जनहित की योजनाओं का लाभ पारदर्शिता और प्राथमिकता के आधार पर पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
सहायक कमिश्नर ओएशी मंडल ने कहा कि यह शिविर केवल उपकरणों का वितरण नहीं, बल्कि दिव्यांगजनों के स्वावलंबन, सम्मान और समावेशन की दिशा में समाज का एक मजबूत कदम भी है। कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख गणमान्यों में सचिव रेडक्रास सोसायटी मंगेश सूद, संयुक्त सचिव आदित्य राणा, वाइस चेयरमैन राजीव बजाज, राजीव कुमार सिंह, मुख्य महाप्रबंधक (एचआर) ग्रिड-इंडिया, नितिन शर्मा, प्रबंधक (एचआर), ग्रिड-इंडिया, डॉ. अशोक साहू, कनिका मेहता सहित कई अधिकारी और समाजसेवी शामिल हुए।

Comments
Post a Comment