चब्बेवाल ‘मेरी रसोई योजना’ लागू करने वाले पंजाब के अग्रणी हलकों में हुआ शामिलविधायक डॉ. इशांक कुमार ने 600 परिवारों को वितरित किए राशन किट
माहिलपुर/दलजीत अज्नोहा
आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत प्रदान करते हुए तथा खाद्य सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विधायक डॉ . इशांक कुमार ने रविवार को चब्बेवाल विधानसभा क्षेत्र में पंजाब सरकार की महत्वाकांक्षी “मेरी रसोई योजना” की शुरुआत करते हुए चब्बेवाल और अजनोहा गांवों में लगभग 600 लाभार्थी परिवारों को मुफ्त राशन किट वितरित किए।
विधायक ने चब्बेवाल में लगभग 250 तथा अजनोहा में 350 परिवारों को राशन किट बांटे । उन्होंने जानकारी दी कि 30 जून तक विधानसभा क्षेत्र के सभी पात्र लाभार्थियों को इस योजना का लाभ पहुंचा दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि चब्बेवाल पंजाब के उन चुनिंदा हलकों में शामिल हो गया है जहां मुख्यमंत्री भगवंत मैं द्वारा हाल ही में शुरू की गई इस योजना का कार्यान्वन जमीनी स्तर पर शुरू कर दिया गया है।
इस अवसर पर डॉ. इशांक कुमार ने कहा कि “मेरी रसोई योजना” का उद्देश्य गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर बढ़ती रसोई खर्च की मार को कम करना तथा महिलाओं और बच्चों को बेहतर पोषण उपलब्ध करवाना है। योजना के तहत प्रत्येक लाभार्थी परिवार को 2 किलो चना दाल, 2 किलो चीनी, 1 किलो आयोडीन युक्त नमक, 200 ग्राम हल्दी तथा 1 लीटर सरसों तेल वाला विशेष राशन किट दिया जाएगा। यह किट वर्ष में चार बार पात्र परिवारों को वितरित किए जाएंगे।
उन्होंने आगे कहा कि पंजाब सरकार जनहितकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के हर वर्ग का जीवन आसान बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है और वे स्वयं भी इन योजनाओं का लाभ अपने हलके के लोगों तक सबसे पहले पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। डॉ. इशांक कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार केवल घोषणाएं नहीं कर रही, बल्कि मुफ्त बिजली, मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना, मुख्यमंत्री सेहत योजना, मावां-धीयां सत्कार योजना और अब मेरी रसोई योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से लोगों को सीधी राहत पहुंचा रही है।
उन्होंने कहा, “यह योजना केवल राशन वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि बढ़ती महंगाई के बीच परिवारों को सम्मान और पोषण सुरक्षा देने का प्रयास है।” उन्होंने कहा कि सरकार का विशेष ध्यान इस बात पर है कि कोई भी परिवार आवश्यक खाद्य सामग्री से वंचित न रहे। इस अवसर पर उपस्थित लाभार्थियों ने इस पहल की सराहना करते हुए विधायक का धन्यवाद किया और कहा कि योजना शुरू होते ही इतनी जल्दी इसका लाभ मिलना लोगों के लिए बड़ी राहत है। कई महिला लाभार्थियों ने कहा कि यह योजना बढ़ती महंगाई के दौर में घरेलू रसोई संभालने में काफी मददगार साबित होगी।
डॉ. इशांक कुमार ने पुनः दोहराया कि विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक योजना का लाभ निर्धारित समय सीमा के भीतर पहुंचाया जाएगा तथा पूरी वितरण प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित की जा रही है। इस अवसर पर अनेक पार्टी पदाधिकारी, वालंटियर, जिला परिषद एवं ब्लॉक समिति सदस्य, सरपंच-पंच तथा बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित थे।
Comments
Post a Comment